November 8, 2026
मऊ सदर में चुनावी ताल ठोकेंगी खुशबू सिंह, हर तबके की आवाज बनने का किया ऐलान

सत्ता नहीं, जनसेवा है मकसद!

मऊ- जनपद के सदर विधानसभा क्षेत्र की सियासत में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में खुशबू सिंह की चुनावी एंट्री ने नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान करते हुए समाज के हर वर्ग के अधिकारों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि उनकी लड़ाई किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के सभी लोगों के हितों के लिए होगी। शहर के हिंदी भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खुशबू सिंह ने अपनी राजनीतिक सोच और चुनाव लड़ने के उद्देश्य को सामने रखा। उन्होंने कहा कि गरीबों, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों, युवाओं और समाज के पिछड़े एवं वंचित वर्गों की समस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही दलित, सवर्ण और समाज के अन्य सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात कही। खुशबू सिंह ने कहा कि राजनीति का असली मकसद जनता की सेवा और उनकी परेशानियों का समाधान होना चाहिए, न कि केवल सत्ता की कुर्सी हासिल करना। उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के आम नागरिकों की आवाज को उचित मंच मिले और उनकी जरूरतों को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का निर्णय लेते हुए स्पष्ट किया कि वह जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर अपनी राजनीतिक पारी शुरू करना चाहती हैं। उनके अनुसार समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी और सम्मान ही उनकी सोच का आधार है। फिलहाल खुशबू सिंह की इस घोषणा के बाद मऊ सदर की चुनावी सरगर्मी में एक नई चर्चा जुड़ गई है। अब उनकी उम्मीदवारी को लेकर क्षेत्र के मतदाताओं का रुख क्या रहता है और वह अपने संकल्प को किस तरह जनता के बीच पहुंचाती हैं, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी।

See also  खेत की मेड़ से वैज्ञानिकों की प्रयोगशाला तक पहुंची किसानों की बात, मऊ में खेती-किसानी पर हुआ मंथन

Author Profile

प्रमोद कुमार तिवारी
प्रमोद कुमार तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *