खतौनी संशोधन के लिए तहसील के चक्कर काट रहे फरियादी को जनसुनवाई में ही मिली संशोधित खतौनी, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण की सख्त हिदायत
मऊ- शनिवार। तहसील के चक्कर काटते-काटते थक चुके फरियादियों के लिए संपूर्ण समाधान दिवस राहत की उम्मीद लेकर आया। तहसील मधुबन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि पांच मामलों के समाधान के लिए अधिकारियों की टीमें मौके पर भेजी गईं। जनसुनवाई में राजस्व विभाग से जुड़ी सबसे अधिक 56 शिकायतें पहुंचीं। इसके अलावा चकबंदी विभाग की 18, पुलिस विभाग की सात तथा अन्य विभागों की शिकायतें भी दर्ज की गईं। इस दौरान एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें एक शिकायतकर्ता खतौनी में संशोधन कराने के लिए लंबे समय से तहसील के चक्कर लगा रहा था। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संशोधन कराया और संशोधित खतौनी शिकायतकर्ता को मौके पर ही उपलब्ध करा दी। इससे फरियादी को बड़ी राहत मिली। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। लापरवाही और उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, उपजिलाधिकारी मधुबन दीपक कुमार सिंह सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author Profile
Latest entries
Mau samacharNovember 8, 2026मधुबन में डीएम का जनता दरबार, 87 फरियादियों ने लगाई गुहार, 15 को मौके पर मिला न्याय
Mau samacharNovember 8, 2026मऊ सदर में चुनावी ताल ठोकेंगी खुशबू सिंह, हर तबके की आवाज बनने का किया ऐलान
Mau samacharNovember 3, 2026खेतों में बिछ गई धान की फसल, अब मुआवजे की आस में किसान पहुंचे कलेक्ट्रेट
मऊ समाचारOctober 30, 2026मकान के भीतर छिपा था पटाखों का बारूद भरा खजाना, पुलिस ने खोली पोल; 768 किलो पटाखों के साथ एक गिरफ्तार
