Oplus_131072
‘माता-पिता के चरणों में चारधाम’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ गणमान्य लोगों ने भी किया पूजन
मऊ- गुरुवार। भारतीय संस्कृति में माता-पिता को सर्वोच्च स्थान देने की परंपरा को जीवंत करते हुए सिकटिया स्थित साईं कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में ‘माता-पिता के चरणों में चारधाम’ कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल ने न केवल पारिवारिक संस्कारों की महत्ता को उजागर किया, बल्कि विद्यार्थियों को माता-पिता के प्रति सम्मान, समर्पण और कृतज्ञता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में डी.फार्मा, बी.फार्मा प्रथम वर्ष एवं नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उनके चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान कहीं श्रद्धा का भाव दिखाई दिया तो कहीं माता-पिता और बच्चों के बीच स्नेह की भावुक तस्वीर देखने को मिली अभिभावकों ने भी अपने बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा, पूर्व प्रधानाचार्य, इंटर कॉलेज, कुशीनगर रहे। विशिष्ट उपस्थिति में प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय एवं इंदु देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय (निदेशक, प्रकाश हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर एवं क्रिम्स मेडिकल कॉलेज, मऊ), पूर्व ब्लॉक प्रमुख कोपागंज सर्वेश राय, कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय तथा निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि केवल विद्यार्थियों ने ही नहीं, बल्कि प्रकाश चंद्र राय, इंदु देवी, मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय, सर्वेश राय और कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने भी अपने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पहल ने उपस्थित लोगों के सामने यह संदेश रखा कि माता-पिता के प्रति सम्मान और सेवा का भाव उम्र या पद का मोहताज नहीं होता।मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि माता-पिता संतान के जीवन के प्रथम गुरु और सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं। उनकी सेवा और सम्मान से बढ़कर कोई दूसरा कर्तव्य नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद संतान की सबसे बड़ी पूंजी है। यही आशीर्वाद जीवन के कठिन रास्तों पर आगे बढ़ने का हौसला देता है। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को अपनाना भी उतना ही जरूरी है।डॉ. मनीष कुमार राय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय ने विद्यार्थियों को माता-पिता के त्याग, संघर्ष और योगदान को समझने तथा सदैव उनका सम्मान करने का संदेश दिया। कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संस्कारी और संवेदनशील नागरिक का निर्माण करना भी है। निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, डी.फार्मा, बी.फार्मा प्रथम वर्ष एवं नर्सिंग के विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह भावपूर्ण संदेश दिया कि दुनिया के तमाम तीर्थों की यात्रा से पहले माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
Author Profile
![]()
Latest entries
Mau samacharNovember 14, 2026माता-पिता के चरणों में झुके सिर, संस्कारों से रोशन हुआ साईं कॉलेज
Mau samacharNovember 10, 2026बुजुर्गों की विरासत को नौनिहालों ने दिया नया रंग, 14 से 18 साल के युवाओं ने संभाली माँ लक्ष्मी की पूजा की कमान
Mau samacharNovember 8, 2026मधुबन में डीएम का जनता दरबार, 87 फरियादियों ने लगाई गुहार, 15 को मौके पर मिला न्याय
Mau samacharNovember 8, 2026मऊ सदर में चुनावी ताल ठोकेंगी खुशबू सिंह, हर तबके की आवाज बनने का किया ऐलान
