September 21, 2026
नीले झंडों के साए में अजय जायसवाल का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता महासम्मेलन में प्रत्याशी बनाए जाने का ऐलान

Oplus_131072

प्रमोद कुमार तिवारी

जिला संवाददाता

मऊ- रविवार। बापू इंटर कॉलेज का खेल मैदान  नीले झंडों से ऐसा सजा कि पूरा माहौल बसपाई रंग में रंगा नजर आया। गांव-देहात से पहुंचे कार्यकर्ताओं की भीड़, नारों की गूंज और नेताओं के भाषणों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने घोसी विधानसभा क्षेत्र में अपनी सियासी मौजूदगी का एहसास कराया।

इसी मंच से करीब डेढ़ दशक से समाजसेवा में सक्रिय अजय जायसवाल के नाम पर विधानसभा प्रत्याशी के तौर पर मुहर लग गई। विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता महासम्मेलन में बसपा की मंडल प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र ने अजय जायसवाल को घोसी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की।
नाम सामने आते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। अजय जायसवाल लंबे समय से क्षेत्र में समाजसेवा के जरिए लोगों के बीच सक्रिय रहे हैं। राजनीति में आने से पहले वे भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े रहे। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने बसपा के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू की है।
प्रत्याशी घोषित होने के बाद अजय जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लोगों से जुड़ाव आज का नहीं, बल्कि लंबे समय से चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी क्षमता के अनुसार जनसहयोग से जरूरतमंदों की मदद करने का प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि घोसी की जनता उन्हें विधानसभा में प्रतिनिधित्व का अवसर देती है तो जनहित से जुड़े कामों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। महासम्मेलन में जुटी भीड़ ने कार्यक्रम को महज संगठन की बैठक तक सीमित नहीं रहने दिया। मैदान में उमड़ी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इसे बसपा के जमीनी संगठन और सक्रियता के प्रदर्शन का मंच बना दिया। कार्यकर्ताओं में प्रत्याशी की घोषणा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने की। पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व राज्यसभा सांसद सलीम अंसारी, मऊ नगर पालिका चेयरमैन अरशद जमाल, पूर्व जिलाध्यक्ष राज विजय, शैलेश कुमार उर्फ सीटू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author Profile

प्रमोद कुमार तिवारी
प्रमोद कुमार तिवारी
See also  विक्ट्री इंटर कॉलेज में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता व फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर हुई बैठक
Latest entries

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *