September 14, 2026
लोक अदालत में मुकदमों की लंबी डगर छोड़, समझौते की पगडंडी पर चले लोग,  61,950 मामले निपटे तो 22 दंपतियों ने फिर थामा एक-दूजे का हाथ

प्रमोद कुमार तिवारी

जिला संवाददाता

मऊ- कहते हैं, जहां बात प्यार और समझदारी से बन जाए, वहां अदालत की चौखट तक पहुंचने की नौबत नहीं आती। इसी सोच को साकार करते हुए शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में हजारों लोगों को राहत मिली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। दिनभर चली सुनवाई में 61,950 मामलों का निस्तारण हुआ। उत्तराधिकार प्रमाण पत्र के रूप में 16.86 लाख रुपये जारी किए गए। मोटर दुर्घटना प्रतिकर के 62 मामलों में 3.46 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई। परिवार न्यायालय में 80 वाद निपटे और आपसी सुलह के बाद 22 दंपतियों को फिर से साथ रहने के लिए विदा किया गया। यानी जिन घरों में रूठना-मनाना चल रहा था, वहां फिर से चूल्हा जलने की उम्मीद जगी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नासेहा वसीम ने 4,899 मामलों का निस्तारण कर 12.44 लाख रुपये अर्थदंड जमा कराया। विभिन्न न्यायालयों ने भी सैकड़ों-हजारों मामलों का निस्तारण किया। बैंकों, बीएसएनएल, टोरेन्टो गैस और सोनाटा फाइनेंस के 693 मामलों में 3.09 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूली गई। राजस्व विभाग ने अकेले 46,382 प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण कराया।

Author Profile

प्रमोद कुमार तिवारी
प्रमोद कुमार तिवारी
Latest entries
See also  संस्कारों के बिना डिग्री सिर्फ कागज का टुकड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *