September 17, 2026
कल्पना राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस कॉलेज में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा

Oplus_2228224

महिलाओं के सुरक्षित प्रसव पर विशेष जोर, 50 प्रतिशत छूट का ऐलान

प्रमोद कुमार तिवारी

जिला संवाददाता

मऊ- किसी के लिए इलाज का खर्च बड़ी चिंता न बन जाए और किसी मां की जिंदगी प्रसव के दौरान खतरे में न पड़े, इसी सोच के साथ मऊ स्थित कल्पना राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस कॉलेज ने एक महीने तक सेवा का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कॉलेज परिसर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान मरीजों को कम खर्च में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं के सुरक्षित प्रसव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मेडिकल कॉलेज के चेयरमैन डॉ. मनीष राय ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रसव पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल तक लाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई महिलाएं घर पर या अप्रशिक्षित दाई के माध्यम से प्रसव करा लेती हैं। यही वजह है कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने ग्रामीण परिवारों, खासकर महिलाओं से अस्पताल में प्रसव कराने की अपील की है। डॉ. मनीष राय ने कहा कि प्रसव के दौरान अचानक उत्पन्न होने वाली जटिलताओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित चिकित्सकीय व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि प्रशिक्षित चिकित्सा सुविधा को छोड़कर घर पर प्रसव कराने का जोखिम न उठाएं और मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुरक्षित प्रसव की सुविधा का लाभ लें। सेवा पखवाड़े की खास बात यह होगी कि इसे केवल मरीजों को आर्थिक राहत देने तक सीमित नहीं रखा जाएगा। पूरे एक महीने रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है और समाज में सेवा की भावना को और मजबूत किया जा सकता है। डॉ. राय ने कहा कि कॉलेज की ओर से पहले से ही विभिन्न चिकित्सा सेवाओं में रियायत दी जा रही है।

See also  महिला डिग्री कॉलेज के सभागार में 14 सितम्बर दिन शनिवार को हिन्दी दिवस का आयोजन

Author Profile

प्रमोद कुमार तिवारी
प्रमोद कुमार तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *