September 24, 2026
गौसेवा आयोग के नामित सदस्य भानु प्रकाश पाण्डेय का मऊ में हुआ भव्य स्वागत

Oplus_2228224

गौसेवा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए बोले—दायित्वों का पूरी निष्ठा से करूंगा निर्वहन

रिर्पोट: ✒️प्रमोद कुमार तिवारी

मऊ- गुरुवार। गांव की माटी में रचे-बसे रिश्तों की गर्माहट और लोकजीवन की मिठास उस समय जीवंत हो उठी, जब उत्तर प्रदेश सरकार के गौसेवा आयोग की गौ संरक्षण समिति में जिले से नामित सदस्य भानु प्रकाश पांडेय के स्वागत में कार्यकर्ताओं की ओर से अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।  कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम महाकवि पंडित श्याम नारायण पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी स्मृति को नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद गृहस्थ प्लाजा स्थित सभागार में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने भानु प्रकाश पांडेय का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

अभिनंदन से अभिभूत भानु प्रकाश पांडेय ने कहा कि उन्हें जो स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण और ग्रामीण समाज से जुड़े विषयों पर अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप कार्य करने का प्रयास रहेगा। समारोह की विशिष्ट अतिथि एवं गौ रक्षा विभाग, कानपुर प्रांत की उपाध्यक्ष मंजू गुप्ता ने गौसेवा को ग्रामीण जीवन, परंपरा और अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए गाय की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने गौ संरक्षण को ग्रामीण जीवन से जोड़कर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्य अतिथि एवं गौ रक्षा विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर गुरु प्रसाद सिंह ने गांव की मिट्टी और जनजीवन से जुड़े सरोकारों को सहज भाषा में सामने रखा। उन्होंने भारतीय कृषि परंपरा, देशी नस्लों तथा पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गौ आधारित उत्पादों के क्षेत्र में कार्य करते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ कृषि और आयुर्वेद से जुड़े पारंपरिक ज्ञान को भी आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। इससे ग्रामीण परंपराओं को नई उपयोगिता मिलने के साथ ग्रामीणों के लिए आय के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद डॉ. संतोष सिंह ने बदलती जीवनशैली और ग्रामीण संस्कारों के बीच बढ़ती दूरी की ओर ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि एक समय गौपालन ग्रामीण परिवार और कृषि व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हुआ करता था, लेकिन समय के साथ जीवनशैली और कृषि व्यवस्था में आए बदलावों से गौपालन का स्वरूप भी प्रभावित हुआ है।
उन्होंने किसानों और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने तथा गौ आधारित उत्पादों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने भानु प्रकाश पांडेय को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन मनोज सिंह ने किया। समारोह में विजय नारायण शर्मा, संजय पांडेय, आनंद सिंह, चुन्नू सिंह, प्रतुलता पांडेय, अरविंद पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Author Profile

प्रमोद कुमार तिवारी
प्रमोद कुमार तिवारी
See also  जब खाकी ने निभाई परंपरा, शस्त्रों से लेकर वाहनों तक हुई विश्वकर्मा पूजा
Latest entries

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *