April 28, 2026
पार्वती बालिका इंटर कॉलेज में मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान

पार्वती बालिका इंटर कॉलेज में मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान

 

टॉप-10 छात्राओं को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह

दोहरीघाट, मऊ। पार्वती बालिका इंटर कॉलेज में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की संस्थापक लाल बिहारी द्विवेदी के द्वारा छात्राओं को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर तथा माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान किया।

 

हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की छात्राओं ने लहराया सफलता का परचम

 

हाई स्कूल परीक्षा में प्रतिक्षा निगम 92.67% ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संजना विश्वकर्मा 90.16%ने द्वितीय स्थान तथा ज्ञानवी गुप्ता 90% ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में नम्रता ने प्रथम स्थान, श्रेया यादव ने द्वितीय स्थान और शालिनी सिंह पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

प्रधानाचार्य राजेश यादव ने कहा कि कॉलेज की छात्राएं प्रत्येक वर्ष बेहतर परिणाम देकर विद्यालय का गौरव बढ़ाती हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की टॉपर छात्राएं शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और परिश्रमी रही हैं। उन्होंने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

कॉलेज के संस्थापक लाल बिहारी द्विवेदी ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन छात्राओं ने न केवल कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।

See also  रसूलपुर में धूमधाम से संपन्न हुआ भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह

 

कार्यक्रम के दौरान विपिन द्विवेदी, उषा तिवारी, राजेश यादव, गणेश उपाध्याय, पुष्पा सहनी, आशीष मौर्य, सोनी उपाध्याय, राजमणि पांडे, रॉबिन जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं कॉलेज की टॉप-10 छात्राओं में जीनत परवीन, शाइदा खान, दिव्या चौरसिया, अंशिका मौर्य, मानसी साहनी, नीति प्रजापति, खुशी गुप्ता सहित हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की मेधावी छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Author Profile

सत्य प्रकाश दूबे
सत्य प्रकाश दूबे
प्रधान सम्पादक मो .9454160016

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *